हरिद्वार। प्रयागराज कुंभ में दो साल पहले परिवार से बिछड़े बिहार निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को हरिद्वार पुलिस ने कलियर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बुजुर्ग कलियर शरीफ दरगाह परिसर में भिक्षावृत्ति करते मिले थे। सत्यापन अभियान के दौरान एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने खुद को बिहार निवासी बताते हुए कुंभ में परिवार से बिछड़ने की जानकारी दी।
पुलिस ने बिहार के कुटुम्बा थाने से संपर्क कर परिजनों का पता लगाया। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही उनका बेटा अंकित भावुक होकर रो पड़ा। बुजुर्ग के बेटे ने बताया कि वह सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है और परिवार दो साल से उनकी तलाश कर रहा था। सूचना मिलते ही बेटा कलियर पहुंचा और पिता को गले लगाकर भावुक हो गया। हरिद्वार पुलिस ने बुजुर्ग को बेटे के सुपुर्द कर दिया।





