कूड़ा-कबाड़ हटाने की दी चेतावनी, कार्रवाई के बाद सामान समेटकर ले जाने लगे लोग
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण की बुधवार को सुप्रीम कोर्ट होने वाली सुनवाई से पहले रेलवे स्टेशन परिसर में पुलिस और आरपीएफ ने सख्ती बढ़ा दी। सोमवार को पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने और कूड़ा-कबाड़ एकत्र करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान गफूर बस्ती के लोगों की ओर से रेलवे स्टेशन परिसर में जमा किए गए कबाड़ को हटाने की कार्रवाई की गई।
अचानक शुरू हुए अभियान से गफूर बस्ती के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन लोगों ने भी रेलवे परिसर में कूड़ा या कबाड़ एकत्र किया है, वे उसे तत्काल हटा लें। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने चेताया कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर जमा कूड़े-कबाड़ को जला दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन और आरपीएफ की सख्ती का असर भी नजर आया। कार्रवाई के बाद गफूर बस्ती के लोग अपने-अपने द्वारा एकत्रित किए गए कबाड़ को हटाकर ढोते दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन परिसर को साफ रखने और अतिक्रमण व गंदगी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल बनी रही।





