पिता की हत्या का बदला लेने के लिए ली महिला की जान! रामनगर हत्याकांड में तीन गिरफ्तार…

सीसीटीवी फुटेज ने खोली हत्या की परतें, महिला को मारपीट के बाद वाहन से ले जाकर फेंका था शव; डंडे, लोहे का पाना और पत्थर समेत वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना थी। मुख्य आरोपी अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश के चलते उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात की कड़ियां

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपियों को वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते हुए भी देखा गया। पुलिस ने फुटेज के साथ तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, मोहित के पिता की पूर्व में हत्या हुई थी, जिसका बदला लेने की भावना उसके मन में थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों सैरान और मो. अब्बूजर के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी।

भागने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा


पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं, अन्य दोनों आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोच लिया गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित फर्त्याल (32) पुत्र स्व. गोविंद सिंह निवासी किशनपुर छोई, सैरान (21) पुत्र मुरसलीन निवासी खताड़ी तथा मो. अब्बूजर (22) पुत्र मो. विलाल निवासी खताड़ी शामिल हैं।

हत्या में प्रयुक्त सामान और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना और एक पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त यूके 04 एएन 6012 नंबर का वाहन और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामद किया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी ने कार्रवाई की।

Advertisement
  • Related Posts

    गौला खनन शुरू होते ही भड़का आक्रोश, वाहन स्वामियों ने उठाईं चार बड़ी मांगें

    नामांतरण में देरी, फिटनेस फीस और जीपीएस की अनिवार्यता से परेशान वाहन स्वामियों ने किया प्रदर्शन, भार क्षमता पुराने मानकों पर तय करने की मांग हल्द्वानी। गौला खनन का नया…

    सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण की समस्याओं को दूर करना होगी प्राथमिकता : नगर आयुक्त आशिमा गोयल

    पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में दिखीं नवनियुक्त नगर आयुक्त, शहरवासियों की छोटी-बड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने का दिया भरोसा हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त…