नामांतरण में देरी, फिटनेस फीस और जीपीएस की अनिवार्यता से परेशान वाहन स्वामियों ने किया प्रदर्शन, भार क्षमता पुराने मानकों पर तय करने की मांग
हल्द्वानी। गौला खनन का नया सत्र शुरू होते ही वाहन स्वामियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। खनन कार्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर गौला वाहन स्वामियों ने गुरुवार को गौला खनन मजदूर उत्थान समिति (रजि.) के बैनर तले एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। वाहन स्वामियों ने चेताया कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो खनन कार्य शुरू करना मुश्किल हो जाएगा और हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
इसके अलावा वाहन स्वामियों ने फिटनेस फीस में पूर्व की भांति छूट देने और वाहनों में जीपीएस लगाने की अनिवार्यता से राहत देने की मांग उठाई। उनका कहना था कि इन दोनों व्यवस्थाओं के कारण पहले से आर्थिक दबाव झेल रहे वाहन स्वामियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, वाहनों की भार क्षमता को लेकर भी उन्होंने पूर्व निर्धारित मानकों को लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में डंपर की भार क्षमता 120 कुंतल, टिप्पर की 100 कुंतल और ट्रैक्टर की 80 कुंतल निर्धारित करने की मांग रखी गई। वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर चारों समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन सत्र के दौरान वाहन स्वामियों को राहत नहीं मिली तो इसका सीधा असर उनके कारोबार और परिवारों की आजीविका पर पड़ेगा।





