- बरेली के रहने वाले थे कार सवार, SDRF ने रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की मध्यरात्रि नैनीताल आपदा कंट्रोल रूम को निगलाट क्षेत्र में सड़क हादसे की सूचना मिली। बरेली निवासी पांच लोग स्विफ्ट डिजायर कार (यूपी 25 ईजे 4586) से जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही खैरना स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर एसडीआरएफ ने चार घायलों सनी (23), रवि, संचित और संदीप शर्मा को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से सीएचसी भवाली पहुंचाया गया। वहीं हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29) की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने शव खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।





