हल्द्वानी नगर निगम को मिली नई नगर आयुक्त, आषिमा गोयल संभालेंगी जिम्मेदारी; कई जिलों में बदले सीडीओ
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। बुधवार को जारी आदेश में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को बदलने के साथ नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और विभिन्न विभागों में नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची के तहत आषिमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, नुपुर वर्मा को रुड़की नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून के सीडीओ अभिनव शाह को पर्यटन विभाग में अपर सचिव एवं पर्यटन विकास परिषद का अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह दीपक सैनी देहरादून के नए सीडीओ होंगे।



इसके अलावा प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़, अनामिका को अल्मोड़ा, दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली और राहुल आनंद को उत्तरकाशी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। निधि यादव को पंचायती राज निदेशालय की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में जीवन सिंह नगन्याल को आयुक्त गन्ना-चीनी, काशीपुर बनाया गया है। अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज निदेशालय और रामजी शरण शर्मा को आईटीडीए में अपर निदेशक की जिम्मेदारी मिली है। जय भारत सिंह शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक बनाए गए हैं।
श्याम सिंह राणा देहरादून नगर निगम में अपर नगर आयुक्त होंगे, जबकि नारायण सिंह नबियाल को चमोली और कमलेश मेहता को रुद्रप्रयाग में अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। विवेक प्रकाश को काशीपुर में अपर आयुक्त तथा पंकज कुमार उपाध्याय को कुंभ मेला अधिकारी, हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, गौरी प्रभात को पौड़ी से रुड़की और दीक्षित जोशी को रानीखेत से काशीपुर भेजा गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल से जिला प्रशासन से लेकर शहरी निकायों और महत्वपूर्ण विभागों तक जिम्मेदारियों का नया समीकरण तैयार हुआ है।





