50 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण से 213 परिवार प्रभावित, पुनर्वास स्थल पर सड़क-बिजली और सुरक्षा दीवार जैसी सुविधाएं अधूरी
हल्द्वानी। जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में हो रही देरी पर सांसद अजय भट्ट ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त को पत्र लिखकर प्रभावित गांवों और पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा लंबित समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में कहा कि परियोजना के तहत करीब 50 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है, जबकि 213 परिवारों के मकान डूब क्षेत्र से प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद पुनर्वास स्थल पर सड़क, बिजली और सुरक्षा दीवार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास पूरा नहीं हो पाया है। कई स्थानों पर सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि पुनर्वास में देरी के चलते प्रभावित परिवारों के सामने भविष्य और आजीविका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। जमरानी बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण के साथ प्रभावितों की सुरक्षा और सम्मानजनक पुनर्वास भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
अजय भट्ट ने आयुक्त से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुनर्वास कार्यों में देरी के कारणों की समीक्षा करने और संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।





