धातु के कप के नीचे पटाखा जलाना पड़ा भारी, विस्फोट में रिक्रूट की मौत…

गले में जा घुसा धातु का टुकड़ा, छह महीने से पीएसी में ले रहा था प्रशिक्षण; तीन माह पहले हुआ था बेटी का जन्म

रुद्रपुर। दीपावली पर पटाखा जलाने के दौरान हुआ हादसा 46वीं वाहिनी पीएसी के प्रशिक्षु जवान विष्णु (25) की मौत का कारण बन गया। धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर जलाते ही हुए विस्फोट से कप का एक टुकड़ा तेज गति से उछलकर उसके गले में जा घुसा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र के बहादुरपुर जट निवासी मांगेराम का पुत्र विष्णु करीब छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहा था। रविवार सुबह वह कुछ अन्य रिक्रूटों के साथ परिसर स्थित स्नानागार के पास गया था। इसी दौरान उसने एक धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर आग लगा दी। विस्फोट की आशंका को देखते हुए उसके साथी दीवार के पीछे चले गए, जबकि विष्णु पटाखे के पास ही मौजूद रहा। पटाखा फटते ही कप का टुकड़ा उछलकर उसके गले में जा लगा।

साथी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में धातु का टुकड़ा सांस की नली में फंसने से मौत होने की आशंका जताई गई है। घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


हादसे ने विष्णु के परिवार की खुशियां छीन लीं। वह विवाहित था और करीब तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। बेटी के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए वह छुट्टी पर घर गया था। इसके बाद प्रशिक्षण के लिए वापस पीएसी परिसर लौट आया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर हरिद्वार रवाना हो गए।

Advertisement
  • Related Posts

    राज्य स्थापना दिवस पर काटा केक, आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहीदों के बलिदान को किया याद…

    हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर राज्य की स्थापना की वर्षगांठ मनाई गई। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश,…

    एमबीपीजी कॉलेज में सम्मान समारोह के दौरान हंगामा, राज्य आंदोलनकारियों ने उठाए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल

    समय पर सूचना नहीं देने को लेकर दर्जा मंत्री हुकुम सिंह कुंवर और आंदोलनकारियों के बीच मंच पर तीखी बहस हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर…