आतिशबाजी के दौरान बरतें सावधानी, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें; बुजुर्गों और पशु-पक्षियों का भी रखें ख्याल
हल्द्वानी। मंडलायुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दीपावली के पावन पर्व पर मंडल एवं जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए त्योहार को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि दीपावली प्रकाश और उल्लास का पर्व है, जो हमें अंधकार से प्रकाश तथा निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां मनाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। आतिशबाजी करते समय पटाखे खुले और सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं तथा बच्चों को कभी अकेले पटाखे न जलाने दें। पटाखे जलाने के लिए लंबी मोमबत्ती या अगरबत्ती का इस्तेमाल करें और ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
उन्होंने लोगों से सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनने, पटाखे जलाने के स्थान पर पानी और बालू की व्यवस्था रखने तथा जल चुके या नहीं फूटे पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास नहीं करने की अपील की। साथ ही पटाखों को हाथ में लेकर जलाने और किसी व्यक्ति, वाहन या घर की ओर फेंकने से बचने को कहा।
मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों तथा पशु-पक्षियों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने अत्यधिक ध्वनि और धुआं फैलाने वाले पटाखों से परहेज करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि दीपावली का असली आनंद दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। ऐसे में जरूरतमंदों की सहायता कर त्योहार को शांति, सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं।







