काशीपुर। पशुओं के लिए चारा लेने घर से निकली 60 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिलीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्राम शिवलालपुर डल्लू निवासी केलावती (60) पत्नी नन्हे शुक्रवार दोपहर खेत की ओर चारा लेने गई थीं। इसी दौरान वह रास्ते में अचेत होकर गिर पड़ीं। काफी देर तक उनके घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित थे। तभी ग्रामीणों से उनके सड़क किनारे पड़े होने की खबर मिली। पुत्रवधू नीमा मौके पर पहुंचीं और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री का परिवार छोड़ गई हैं।






