हल्द्वानी। दीपावली पर्व को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में एसपी सिटी हरबंस सिंह की अध्यक्षता में बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में बैंकों, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैंक प्रबंधकों को सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और उनका पुलिस सत्यापन कराने को कहा गया। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर निगरानी रखने तथा संदिग्ध लेन-देन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर देने के लिए जागरूक करने को कहा। वहीं, थाना प्रभारियों को बैंक और सर्राफा बाजारों में नियमित गश्त करने तथा बाजारों में फड़-ठेली संचालकों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा है।






