कार सर्विस सेंटर में भड़की आग ने मचाई तबाही, डेढ़ लाख कैश और फर्नीचर जलकर राख…

ऊंचा पुल के पास कालाढूंगी रोड पर हुआ हादसा, स्पेयर पार्ट्स स्टोर, पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर आग की चपेट में आए

हल्द्वानी। शहर में रविवार दोपहर कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास एक कार सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर, पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में फर्नीचर, सोफा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे सर्विस सेंटर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर में फैलना शुरू कर दिया। आग की भयावहता देख वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार के निर्देश पर दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के मुताबिक, आग से बिलिंग काउंटर पर रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा सोफा, फर्नीचर, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।

  • Related Posts

    रिश्तों पर भारी पड़ा जमीन का विवाद, भतीजे की गोली से बाल-बाल बचा चाचा…

    सितारगंज के ड्यूढार गांव में चाचा-भतीजे के बीच खूनी संघर्ष, फायरिंग में बाल-बाल बचा चाचा सितारगंज। ड्यूढार गांव में जमीन के विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच चल रहा पुराना…

    21 साल की उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, सात कार्मिकों को मिला सम्मान..

    भगत सिंह कोश्यारी ने किया भारतीय ज्ञान परंपरा को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने का आह्वान, कुलपति प्रो. लोहनी ने गिनाईं विश्वविद्यालय की उपलब्धियां हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने शनिवार…