सितारगंज के ड्यूढार गांव में चाचा-भतीजे के बीच खूनी संघर्ष, फायरिंग में बाल-बाल बचा चाचा
सितारगंज। ड्यूढार गांव में जमीन के विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच चल रहा पुराना विवाद शनिवार सुबह हिंसक हो गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। आरोप है कि भतीजे ने चाचा पर तमंचे से गोली चला दी। गोली चाचा के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, ड्यूढार गांव निवासी प्रभदीप सिंह और उसके चाचा इंद्रजीत सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इंद्रजीत सिंह, प्रभदीप के भाई लवदीप के हिस्से की जमीन पर खेती करता था। शनिवार सुबह इंद्रजीत सिंह ठेके पर ली गई जमीन में पानी लगाने पहुंचा था। इसी दौरान पारिवारिक जमीन को लेकर प्रभदीप और इंद्रजीत के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रभदीप सिंह ने तमंचे से चाचा इंद्रजीत सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली उनके हाथ को छूकर निकल गई, जिससे उन्हें मामूली चोट आई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही सरकड़ा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। घायल इंद्रजीत सिंह को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।






