अंबेडकर नगर में बताशे, मिश्री और खिलौने बनाने वाले गोदाम पर चालानी कार्रवाई, अजय स्वीट्स में मिलीं पुरानी मिठाइयां
हल्द्वानी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी में मिठाई, बताशे, मिश्री और खाद्य खिलौने बनाने वाले प्रतिष्ठानों व गोदामों पर छापेमारी की। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अनियमितताएं मिलने पर दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान अंबेडकर नगर स्थित प्रभात जैसवाल के गोदाम में बताशे, मिश्री और खिलौनों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना लाइसेंस के किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत चालानी कार्रवाई की।
वहीं, ऊंचापुल स्थित अजय स्वीट्स के गोदाम में जांच के दौरान पुरानी व बासी मिठाइयां मिलने और परिसर में गंदगी पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बिना लाइसेंस संचालित होने वाले और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, विभाग की ओर से विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए। इनमें से 97 नमूनों की फूड सेफ्टी लैब ऑन व्हील के माध्यम से मौके पर प्राथमिक जांच की गई। विभाग के मुताबिक, प्राथमिक जांच में ये नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए।






