बुद्ध पार्क में सांकेतिक धरना, बोले—अधिकारियों के बजाय जनता से सीधे संवाद करें मुख्यमंत्री
हल्द्वानी। रॉयल्टी पांच गुना बढ़ाए जाने के विरोध में राजकीय ठेकेदारों ने सोमवार को बुद्ध पार्क में सांकेतिक धरना दिया। शासनादेश के विरोध में ठेकेदारों ने तिकोनिया स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भीख मांगकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश जताया। इस दौरान उन्हें 675 रुपये भीक्षा स्वरूप मिले। ठेकेदारों ने कहा कि इस धनराशि को एसडीएम हल्द्वानी के माध्यम से राजकोष में जमा कराया जाएगा।
ठेकेदारों ने कहा कि शासनादेश संख्या 2102/VII-A-1/2025-8(02)/2023 के तहत रॉयल्टी पांच गुना किए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बढ़ी हुई रॉयल्टी का भुगतान करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि अधिकारियों के माध्यम से समस्या का निस्तारण कराने के बजाय प्रदेश की जनता और ठेकेदारों से सीधे संवाद कर समाधान निकाला जाए।
ठेकेदारों ने कहा कि त्योहारी सीजन में उन्हें मुख्यमंत्री से काफी उम्मीदें हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राहत देनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
निर्माण कार्य बंद कराने की अपील
ठेकेदारों ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में राजकीय निर्माण कार्य बंद कराने के लिए अन्य ठेकेदारों से भी सहयोग की अपील की जाएगी। धरने में योगेश तिवारी, कैलाश साह, उमेश जोशी, दयाकिशन जोशी, राजेंद्र चौधरी, पंकज बजेठा, आशीष बिष्ट, जिज्ञाशु भट्ट, अर्जुन जिह, उमेश पनेरू, रमेश चंद्र भट्ट, लाल सिंह पवार, आनंद पड़ियार, शोएब सिद्दीकी, उपेंद्र कनवाल, नरेश पनेरू, राजेंद्र सिंह नेगी, राजेंद्र पांडे और प्रकाश भट्ट सहित अन्य ठेकेदार शामिल रहे।






