बुद्ध पार्क में प्रदर्शन कर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की निंदा, राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की मांग
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को बुद्ध पार्क में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मोर्चा के जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। उन्होंने राजनीतिक संवाद में मर्यादा, शालीनता और व्यक्तिगत सम्मान बनाए रखने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य ने खड़गे की टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए लगातार विवादित बयान दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को एकजुट करने और विकास को गति देने के लिए काम किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को यह रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
ये रहे मौजूद
पुतला दहन करने वालों में रविंद्र श्रोत्रिय, भुवन आर्या, सुरेंद्र बिष्ट, सोहनलाल, दिनेश सागर, पनराम, बुद्ध सेन, संजय सागर, वीरमपाल, राजकुमार, प्रेम सिंह पाती, कमल कुमार, हरीश मनराल, मनोज चौहान, ऋषभ भारती, मुकेश कुमार, रजत दिवाकर, जानकी प्रसाद और राजेश साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






