पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, सहारनपुर से पकड़ी गई आरोपी महिला; मोबाइल फोन बरामद
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर एक महिला के खिलाफ अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हरिद्वार पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी को सहारनपुर स्थित उसके घर से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, रानीपुर क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने 24 अक्टूबर की रात कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि सहारनपुर निवासी महिला ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया। इसके साथ ही व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित गोविंदनगर से आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं।






