₹20 हजार और पासपोर्ट लेने के बाद भी नहीं भेजा विदेश, कार्यालय और दस्तावेज सील
रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा व वर्क परमिट बनवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के आरोप में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक इमिग्रेशन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर उसके पिता से 20 हजार रुपये, पासपोर्ट और शैक्षणिक दस्तावेज लेने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सहदौरा निवासी शमशेर ने 24 अक्टूबर को कोतवाली ट्रांजिट कैंप में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात रुद्रपुर निवासी मो. अलीम से हुई थी। आरोपी ने उनके बेटे को वीजा और वर्क परमिट के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उन्होंने बेटे की कंप्यूटर डिप्लोमा की मार्कशीट, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिए।
आरोप है कि रुपये और दस्तावेज लेने के बावजूद आरोपी ने न तो उनके बेटे को विदेश भेजा और न ही वीजा, वर्क परमिट व शैक्षणिक दस्तावेज वापस किए। खुद को ठगी का शिकार महसूस करने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
कार्यालय से आरोपी गिरफ्तार, दस्तावेज सील
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और उत्प्रवास अधिनियम की धारा 10/24 के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैंप पुलिस ने आरोपी मो. अलीम (29) पुत्र जमील अहमद, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर को उसके कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस, चार साहिबजादे चौक, आवास विकास, रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस की अपील
ऊधमसिंह नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी व्यक्ति या इमिग्रेशन एजेंसी को रकम देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और जरूरी पंजीकरण की जांच अवश्य करें। धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।






