इंस्पिरेशन स्कूल के वार्षिकोत्सव में संस्कृति, देशभक्ति और इतिहास की दिखी अनूठी झलक | मेजर ध्यानचंद के संघर्ष से लेकर कालापानी की यातनाओं तक का किया जीवंत मंचन
हल्द्वानी। काठगोदाम स्थित इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम-2026’ शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनमोहक नृत्यों, भावपूर्ण संगीत और नाट्य मंचन के माध्यम से सामाजिक एकता, विश्व शांति, देशभक्ति और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप, विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एचके जोशी, विद्यालय प्रबंधक दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, प्रबंध समिति की सदस्य आयुषी बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। गणेश वंदना और सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
केवल किताबी शिक्षा से नहीं बनता व्यक्तित्व
मुख्य अतिथि डॉ. एसके कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और क्षमताओं को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। केवल अकादमिक शिक्षा ही भविष्य निर्धारित नहीं करती, बल्कि अन्य गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनमें निहित नैतिक संदेशों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रोबिन हुड की थीम से दिया शांति का संदेश
कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों ने ‘रोबिन हुड’ थीम पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। शकीरा के ‘ट्राई एवरीथिंग’, ‘व्हाट वी गॉट’, ‘हैप्पी’, ‘प्रिंस अली’, ‘स्पाइडरमैन’ और ‘मुफासा : द लॉयन किंग’ सहित विभिन्न गीतों पर बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दुनिया में शांति, सकारात्मकता और एकजुटता का संदेश दिया गया।
हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के संघर्ष को मंच पर उतारा
कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों को नृत्य, अभिनय और खेल आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। एक सैनिक से विश्वविख्यात हॉकी खिलाड़ी बनने तक के उनके सफर को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान आर्मी डांस, हॉकी डांस, योग, कंटेम्पररी डांस, लघु नाटिका और स्पोर्ट्स मिक्स जैसी प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
सांस्कृतिक विरासत से लेकर कालापानी की यातनाओं तक का मंचन
समारोह में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने ‘द म्यूजियम’ कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय नृत्य, चीनी नटराज और मिस्र की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से विभिन्न सभ्यताओं की झलक दिखाई। वहीं, ब्रिटिश शासन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों पर किए गए अत्याचारों और कालापानी की जेल में दी गई यातनाओं को नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से मंच पर उतारा गया। इस भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को इतिहास के कठिन दौर से रूबरू कराया।
विद्यालय के जूनियर और सीनियर म्यूजिक बैंड ने भी विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। संगीत कार्यक्रम समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से किया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






