हल्द्वानी। बाल संप्रेक्षण गृह में बंद पॉक्सो एक्ट का आरोपी बृहस्पतिवार को बेस अस्पताल से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी शौच जाने का बहाना बनाकर अस्पताल की खिड़की से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की गार्द में हड़कंप मच गया। गार्द ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी को आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की जानकारी मिली है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। वहीं, सर्विलांस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।






