मुक्त विश्वविद्यालय ने 17 दिन में जारी किया परीक्षा परिणाम, प्रवेश में भी बढ़ोतरी

48,444 तक पहुंची प्रवेशार्थियों की संख्या, नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी खुले उच्च शिक्षा के द्वार

31 अक्टूबर को 21वां स्थापना दिवस और 18 नवंबर को दीक्षांत समारोह

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ प्रवेश के आंकड़ों में भी बढ़ोतरी दर्ज की है। जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद विश्वविद्यालय ने महज 17 दिनों में परिणाम घोषित कर नई उपलब्धि हासिल की। वहीं, विश्वविद्यालय में कुल प्रवेश की संख्या बढ़कर 48,444 पहुंच गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 1,886 अधिक प्रवेश हुए हैं। विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। शनिवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण की पहलों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

80 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा, 300 शिक्षकों ने किया मूल्यांकन

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक आयोजित की गईं। इसके बाद केंद्रीय मूल्यांकन की प्रक्रिया 13 सितंबर तक पूरी की गई और परीक्षा समाप्त होने के महज 17 दिनों में परिणाम जारी कर दिए गए। परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रभावी समन्वय और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली अपनाई गई।

इस सत्र में विश्वविद्यालय के 80 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं। मूल्यांकन कार्य में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के करीब 300 शिक्षकों एवं प्राध्यापकों ने योगदान दिया। इनमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, गोरखपुर विश्वविद्यालय और रुहेलखंड विश्वविद्यालय सहित उत्तराखंड के कुमाऊं विश्वविद्यालय व सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के शिक्षक भी शामिल रहे।

प्रवेश में 4.05 प्रतिशत की वृद्धि

विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2025 सत्र में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह संख्या बढ़कर 48,444 हो गई। इस तरह कुल प्रवेश में 1,886 की वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 4.05 प्रतिशत है। नए प्रवेशों की संख्या भी 19,277 से बढ़कर 19,757 पहुंच गई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, ये आंकड़े मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को दर्शाते हैं।

विश्वविद्यालय ने नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार किया है। इस पहल से देश की सीमाओं से बाहर भी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन से हरित परिसर की पहल

पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में ईज़ी चार्ज के सहयोग से ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य विद्युत वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही हरेला पर्व पर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। विश्वविद्यालय इन पहलों के जरिए हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने पर जोर दे रहा है।

18 अक्टूबर को दीक्षारंभ, 31 अक्टूबर को स्थापना दिवस

नए शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया और सहायता सेवाओं से परिचित कराने के लिए 18 अक्टूबर को हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र में दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की योजना इस कार्यक्रम को आगे अन्य अध्ययन केंद्रों तक भी विस्तारित करने की है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी प्रक्रियाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। वहीं, आगामी दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को होगा। इन आयोजनों की तैयारियां की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह में सफल शिक्षार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, सीका के निदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, क्षेत्रीय सेवाओं के निदेशक प्रो. एमएम जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट और प्रभारी प्रवेश डॉ. सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • Related Posts

    पुराने विवाद में नाबालिग पर ईंट से हमला, दो आरोपी पकड़े….

    मुख्य आरोपी किशोर बाल संप्रेषण गृह भेजा, दूसरे की निशानदेही पर ईंट बरामद हल्द्वानी। धानमिल क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर नाबालिग पर ईंट-पत्थरों से हमला करने के मामले में…

    रामलीला के दौरान हादसा! खर बने कलाकार की गर्दन पर लगी तलवार, जीभ भी जख्मी

    खटीमा में रामलीला मंचन के दौरान मची अफरा-तफरी, दर्शक पहले समझते रहे अभिनय का हिस्सा; अस्पताल में कराया भर्ती खटीमा। ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा में रामलीला मंचन के दौरान अचानक…