देवप्रयाग में भीषण सड़क हादसा! 150 मीटर गहरी खाई में गिरी वैगनआर, दो की मौत और तीन घायल

150 मीटर नीचे नदी किनारे गिरी चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर, एसडीआरएफ ने राफ्ट से नदी पार कराए दोनों शव

देवप्रयाग। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक वैगनआर कार बृहस्पतिवार सुबह देवप्रयाग के समीप ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जबकि चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला और राफ्ट के सहारे नदी पार कराकर देवप्रयाग पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, कार संख्या एचआर-68 सी 1242 में चालक समेत पांच लोग सवार थे। वाहन देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली के पास पहुंचा था, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर जिला पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ की टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

राफ्ट के सहारे नदी पार कराए शव

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में और श्रीनगर से निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू अभियान के दौरान कार में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शव बाहर निकाले गए। घटनास्थल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और नदी के रास्ते को देखते हुए शवों को राफ्ट के सहारे नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया। इसके बाद दोनों शव आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिए गए।

घायलों में 18 वर्षीय युवती भी शामिल

हादसे में उत्तम सिंह (33), निवासी लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45), निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग घायल हुए हैं। वहीं, मृतकों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72), निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल के रूप में हुई है। एसडीआरएफ की ब्यासी और श्रीनगर टीम ने आपसी समन्वय से बचाव अभियान पूरा कर दोनों शव पुलिस के सुपुर्द कर दिए।

  • Related Posts

    अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, हल्द्वानी में दुष्यंत गौतम की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली,दिखा आक्रोश..

    बुद्ध पार्क से एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता, जेल भेजने की मांग को लेकर की नारेबाजी हल्द्वानी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड में…

    भगवानपुर रोड पर पेयजल लाइन का कार्य पूरा, सड़क निर्माण जारी

    हल्द्वानी। एडीबी सहायतित यूयूएसडीए परियोजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 41 के भगवानपुर में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद अब क्षेत्र में सड़क निर्माण का…