बुद्ध पार्क से एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता, जेल भेजने की मांग को लेकर की नारेबाजी
हल्द्वानी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड में एक बार फिर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। गुरुवार को हल्द्वानी में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम के खिलाफ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क से शुरू हुई शव यात्रा एसडीएम कार्यालय के बाहर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम को जेल भेजने की मांग करते हुए नारे लगाए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश जताते हुए सरकार से मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की।






