अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी बरतने और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
हल्द्वानी। क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए चल रहे नाला निर्माण कार्यों का विधायक बंशीधर भगत ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ऊंचापूल में नहर एवं वर्षा जल निकासी के लिए निर्माणाधीन नाले तथा कठघरिया में बनाए जा रहे वर्षा जल निकासी नाले के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक भगत ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि बरसात से पहले क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
विधायक ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान और बेहतर वर्षा जल निकासी व्यवस्था के लिए UUSDA की ओर से कराए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नालों का निर्माण पूरा होने के बाद बारिश के दौरान सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में जमा होने वाले पानी की समस्या काफी हद तक कम होगी।
इन कार्यों के पूरा होने से ऊंचापूल और कठघरिया क्षेत्र के लोगों को बरसात के दौरान जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।






