दुग्ध उत्पादकों के लिए 30 करोड़ की सौगात, लालकुआं दुग्ध संघ के 34 हजार परिवारों को मिलेगा लाभ

लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी, जबकि लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार सीधे लाभान्वित होंगे।

मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और तीन करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसमें लालकुआं दुग्ध संघ को दूध मूल्य प्रोत्साहन के रूप में करीब साढ़े आठ करोड़, साईलेज अनुदान में करीब साढ़े सात करोड़ और चारा परिवहन अनुदान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि साईलेज अनुदान से पशुपालकों को दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों पर परिवहन खर्च का बोझ कम होगा। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन बढ़ने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की ओर से प्रोत्साहन और अनुदान दिए जाने से दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलेगी तथा पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने सरकार के इस निर्णय को दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री और दुग्ध विकास मंत्री का पुनः आभार व्यक्त किया।

  • Related Posts

    वोट की ताकत से खिलवाड़ लोकतंत्र पर हमला : सुमित हृदयेश

    ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कल बुद्ध पार्क से निकलेगा जनजागरण मार्च हल्द्वानी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को लेकर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को होटल सौरभ में प्रेसवार्ता…

    बंगापानी में चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे चालक-मालिक..देखें Video

    बंगापानी (पिथौरागढ़)। जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क पर बंगापानी के पास चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई। डैशबोर्ड से धुआं निकलता देख चालक प्रेम सिंह ने कार रोक दी और…