‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कल बुद्ध पार्क से निकलेगा जनजागरण मार्च
हल्द्वानी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को लेकर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को होटल सौरभ में प्रेसवार्ता कर मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है। अभियान के तहत कल दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटने या चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी से जुड़े सवालों का निर्वाचन आयोग को स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएगी।
सुमित हृदयेश ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों के बाद मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल गंभीर हुए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम जांचना जरूरी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि अभियान किसी एक राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे और किसी भी विसंगति की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है और मतदाता के अधिकार की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकलेगा। मार्च के माध्यम से मतदाता सूची की जांच, चुनावी पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






