हल्द्वानी। इलाज करने के दौरान 23 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, टाउन धानमिल निवासी रामचंद्र ने 4 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 3 अक्टूबर को नईम उर्फ नईम पहलवान, निवासी गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी, उनकी 23 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी टम्टा का इलाज कर रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 338/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश और सुरागरसी की। पुलिस ने आखिरकार नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।






