हरियाणा से आए थे पर्यटक, पुलिस-एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने दो से तीन घंटे चलाया रेस्क्यू अभियान
नैनीताल। भवाली से हल्द्वानी लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो शनिवार देर शाम भूमियाधार के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो से तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया।
बताया गया कि हरियाणा से आए पर्यटक शनिवार को भवाली क्षेत्र में घूमने के बाद स्कॉर्पियो से हल्द्वानी लौट रहे थे। भूमियाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं। कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने सभी घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला।
घायलों को उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि हादसे में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों में एक व्यक्ति बात करने की स्थिति में है, लेकिन फिलहाल घटना के संबंध में जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। मृतक के नाम की पुष्टि की जा रही है।






