40.78 ग्राम स्मैक के साथ सैन्यकर्मी की पत्नी समेत दो गिरफ्तार….

Spread the News

बचपन के दोस्त निकले आरोपी, झनकट से स्मैक लाकर पिथौरागढ़ में बेचने का पुलिस का दावा; कार सीज

पिथौरागढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने स्मैक तस्करी के मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घाट बैरियर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कार सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से 40.78 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में एसओजी व चौकी घाट पुलिस की टीम घाट बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध तरीके से भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोककर तलाशी ली। कार में एक युवक और महिला सवार मिले। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु जोशी उर्फ हेम (31), निवासी पूल्ड आवास टकाना, पिथौरागढ़ और ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति (35), निवासी मदली तल्ली, चंपावत के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

झनकट से लाकर पिथौरागढ़ में बेचने का दावा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि वह झनकट, खटीमा क्षेत्र से स्मैक लाकर पिथौरागढ़ में बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में पत्रकार रह चुका है और स्मैक का सेवन भी करता था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों बचपन के दोस्त हैं और कथित तौर पर झनकट व खटीमा के होटलों में साथ रुकते थे।

पुलिस का कहना है कि संदेह से बचने के लिए हिमांशु महिला मित्र ज्योत्सना को भी अपने साथ ले जाता था। हालांकि पूछताछ में सामने आए इन तथ्यों की पुष्टि विवेचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

सैन्यकर्मी की पत्नी और चार साल के बच्चे की मां है आरोपी

पुलिस के मुताबिक ज्योत्सना एक सैन्यकर्मी की पत्नी और चार साल के बच्चे की मां है। उसके पति सेना में तैनात हैं। पुलिस का दावा है कि महिला ने अपने बचपन के दोस्त हिमांशु के साथ मिलकर स्मैक तस्करी में भूमिका निभाई। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्मैक तस्करी की पूरी चेन को खंगाला जाएगा। उनके अनुसार आर्थिक रूप से स्थापित लोगों का इस तरह की गतिविधियों में शामिल होना भी जांच का गंभीर विषय है।

सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चरस, स्मैक, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112 या नजदीकी पुलिस इकाई को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम: उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका, कांस्टेबल गोविंद रौतेला, कांस्टेबल सोनू कार्की, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह और महिला कांस्टेबल राखी शामिल रहीं।

  • Related Posts

    नशे में कार दौड़ाकर राहगीरों से अभद्रता, पुलिस ने युवकों को सिखाया सबक….

    Spread the News

    Spread the Newsहरिद्वार। शराब के नशे में वाहन चलाकर हुड़दंग मचाना और राहगीरों व महिलाओं से अभद्रता करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सूचना पर बहादराबाद पुलिस ने तत्काल…

    आसमान छूने को तैयार हल्द्वानी, देशभर के रॉकेट्री सितारों का होगा महामुकाबला….

    Spread the News

    Spread the News4-5 अक्टूबर को गौलापार में ‘आकाशयान स्पर्धा’, 35 किमी ऊंचाई तक जाएगा वैज्ञानिक पेलोड हल्द्वानी। उत्तराखंड का हल्द्वानी देशभर के युवा स्पेस इनोवेटर्स और रॉकेट्री प्रतिभाओं की मेजबानी…