अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंकट हॉल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को सम्मानित करने के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण से किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना, वंदे मातरम् तथा समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। महिलाओं ने गणेश वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
समारोह में समिति के पांच वयोवृद्ध जनों, तीन विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों सहित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सदस्यों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों और समिति के पदाधिकारियों को माला, शॉल एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा और विशिष्ट अतिथि शांति मेहरा ने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। समारोह में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।






