हल्दूचौड़ में पिता-पुत्री की स्कूटी को पीछे से मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
लालकुआं। हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। गायत्री शक्तिपीठ के समीप तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे बंडिया, किच्छा निवासी सुरेंद्र कुमार (42) अपनी 14 वर्षीय बेटी प्रेरणा के साथ स्कूटी से हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे थे। गायत्री शक्तिपीठ से कुछ आगे पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे और प्रेरणा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रेरणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुरेंद्र कुमार का उपचार चल रहा है।
बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
14 वर्षीय बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हंसते-खेलते परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






