धुमाकोट के ठंगल गांव की घटना से मचा हड़कंप, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
रामनगर। धुमाकोट क्षेत्र में बकरी चराने गई 52 वर्षीय महिला पर घात लगाए बैठे भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, तहसील धुमाकोट के खाल्यु डंडा क्षेत्र के ठंगल गांव निवासी मंजू देवी (52) पत्नी होशियार सिंह बुधवार को दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे भालू ने अचानक मंजू देवी पर हमला कर दिया। भालू के हमले से वहां मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई।
अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। शोर सुनकर भालू मंजू देवी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल मंजू देवी को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। र् कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतका के दो बच्चे हैं। घटना के बाद गांव में शोक के साथ ही वन्यजीवों को लेकर दहशत का माहौल है।






