हल्द्वानी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कुमाऊं मंडल में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम के अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा तय 15 अक्टूबर की समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि केवल औपचारिकता के लिए गड्ढे भरने के बजाय टिकाऊ पैचवर्क और पुनर्निर्माण किया जाए। पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ संपर्क और ग्रामीण सड़कों को भी दुरुस्त किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।
समीक्षा में बताया गया कि नैनीताल जिले में 992 किमी गड्ढायुक्त सड़कों में 303 किमी सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं। मंडल के अन्य जिलों में भी कार्य प्रस्तावित हैं। पीएमजीएसवाई के तहत करीब 1500 किमी सड़कों पर काम होना है, जिसमें 58 किमी सड़कें दुरुस्त हो चुकी हैं।
हल्द्वानी शहर की सड़कों को लेकर आयुक्त ने यूयूएसडीए को निर्देश दिए कि सीवर-पेयजल लाइन बिछाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाए और जिस हिस्से का काम पूरा हो, उसे तत्काल दुरुस्त करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए। नगर निगम के अनुसार शहर की करीब 80 किमी आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त हैं, जिनमें 8 किमी पर पैचवर्क पूरा हो चुका है।






