रात्रि चेकिंग में पुलिस ने रोका, धारा 185 में चालानी कार्रवाई कर वाहन किया सीज
हल्द्वानी। रात्रि चेकिंग के दौरान शराब के नशे में स्कॉर्पियो को खतरनाक तरीके से दौड़ा रहे चालक के खिलाफ हल्द्वानी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में रात के समय संदिग्ध वाहनों और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23/24 सितंबर की रात हल्द्वानी कोतवाली पुलिस क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या UK04 AQ 6161 को रोका। पुलिस के अनुसार वाहन चालक स्कॉर्पियो को खतरनाक तरीके से चला रहा था। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने चालक आशीष सुयाल पुत्र भुवन चंद्र सुयाल, निवासी गैस गोदाम रोड, कृष्णा विहार, मुखानी, नैनीताल के खिलाफ धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।






