पत्थरबाजी की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, पार्षद समेत बड़ी संख्या में लोग हुए एकजुट
हल्द्वानी। तल्ली बमौरी शक्ति नगर क्षेत्र स्थित लेबर क्वार्टर से जुड़ी कथित गंदगी, असुविधा, विवाद और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर रविवार को कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से आवाज उठाई। बीती रात कॉलोनी के बाहर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। कॉलोनीवासियों ने लेबर क्वार्टर हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि इसे तत्काल हटाना संभव नहीं है तो कॉलोनी की ओर से उसका प्रवेश मार्ग बंद किया जाए।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि लेबर क्वार्टर से जुड़ी परेशानियां लंबे समय से सामने आती रही हैं। उनके अनुसार आए दिन विवाद और असुविधा की स्थिति बनी रहती है। एक कॉलोनीवासी ने पूर्व में अपने बेटे के साथ लेबर क्वार्टर की एक महिला द्वारा मारपीट और धमकी दिए जाने की घटना का भी उल्लेख किया, जिस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
रविवार को इस मुद्दे को लेकर कॉलोनी निवासी एकत्र हुए और अपनी आपत्तियां सामूहिक रूप से रखीं। लोगों ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना जरूरी है।
इस दौरान पार्षद चंदन मेहता, रेनू पांडे, नेहा पांडे, सुमन तिवारी, दीपा पांडे, किरन पांडे, पार्वती भंडारी, प्रीति लटवाल, भट्ट जी, दिनेश लोहनी, प्रकाश लोहनी, गुड्डू लोहनी, लता लोहनी, गिरीश लोहनी, चंदन पांडे, चंद्रा जोशी, प्रीति जोशी, मीनू जोशी, राजेंद्र पोडियाल, रचना बिष्ट, तिरभुवन रावत, मनीष भट्ट और चंपा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग लेबर क्वार्टर हटाने अथवा कॉलोनी की ओर से उसका प्रवेश/एंट्रेंस बंद कराने की है। बैठक में बुजुर्ग महिलाओं, बुजुर्ग पुरुषों और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






