ज्वालापुर पुलिस की कार्रवाई, 500 रुपये नकद बरामद; पहले भी स्मैक, चरस और चोरी के मामलों में जा चुका है जेल
हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक आरोपी को 5.45 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी स्मैक, चरस और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने पुलिस टीमों को चेकिंग और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 17 सितंबर की रात चेकिंग के दौरान सुभाष नगर स्थित मक्का मस्जिद के पीछे संदिग्ध अवस्था में मिले चांद रहमान पुत्र अमीर अहमद, निवासी गायत्री विहार, सराय रोड, ज्वालापुर को पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.45 ग्राम स्मैक और 500 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 651/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया है।
पहले भी दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, वर्ष 2021 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2023 में धारा 380 और 411 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






