हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। शनिवार 12 सितंबर की दोपहर अचानक हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से हर कोई स्तब्ध है। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर पूरे गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सुबह आठ बजे बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1 स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और परिचित शामिल हुए।
चित्रशिला घाट पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत जनपद के पत्रकारों और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पहुंचकर स्वर्गीय जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके सरल स्वभाव और सेवाभाव को याद किया। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में सोमवार, 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।






