हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घरेलू विवाद के दौरान 25 वर्षीय युवक ने अपने 60 वर्षीय पिता के सिर पर बेलन और डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को परिजन उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्यारेलाल राजमिस्त्री का काम करते थे। बताया गया कि वह देर रात घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका बेटे प्रकाश से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रकाश ने बेलन और डंडे से पिता के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में प्यारेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची श्यामपुर पुलिस ने आरोपी प्रकाश को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रकाश मजदूरी करता है और पांच भाई-बहनों में से एक है। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे विवाद की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है।
कोतवाली श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






