बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं को सराहा
नैनीताल। देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की 21 वर्षीय प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। उनके साथ लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल, परिजन एवं सहयोगी भी मौजूद रहे।
कैंची धाम पहुंचीं अनूप्रिया नागर ने धाम की आध्यात्मिक महिमा और बाबा नीम करौली महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की।
दर्शन के बाद अनूप्रिया नागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता, विषयवस्तु और उद्देश्य की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनूप्रिया नागर, उनके परिजनों एवं सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता और अनूप्रिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता है।






