हल्द्वानी। जेल परिसर के पास युवक का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में तीनों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। मामले में आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे और साजिश के तहत उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के आपराधिक प्रवृत्ति का होने और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका भी जताई थी।
तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी के साथ CCTV फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर उन्हें 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
सौरभ बावा, निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
मानव वाट, निवासी दोराहा, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह को 24 अगस्त को एक अवैध 315 बोर तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगीन एवं संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






