हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा: जुए में हारी रकम चुकाने के लिए रची थी लाखों की लूट की साजिश……

Spread the News

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये की डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो नकाबपोश आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 66 हजार रुपये नकद, एक तमंचा, पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, डकैती की साजिश जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए रची गई थी।

19 अगस्त की शाम डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की है। सूचना पर हल्द्वानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वादी नारायण दास की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस फुटेज खंगालने के बाद दो संदिग्धों को चिन्हित किया।

पूछताछ में वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू (25) निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह (28) निवासी बरेली ने पुलिस के सामने कथित तौर पर डकैती की साजिश का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात किच्छा निवासी यश सिडाना से हुई थी। यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी दौरान गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर डकैती की योजना बनाई गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की और फिर अन्य लोगों को साथ लेकर नकाब पहनकर हथियारों के दम पर वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम बांटने के बाद लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए, ताकि पुलिस को डिजिटल सुराग न मिल सकें।

पुलिस ने वंशप्रीत के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस, जबकि रखवीर से 35 हजार रुपये, 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि संगठित तरीके से अपराध किए जाने के आधार पर बीएनएस के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं, वंशप्रीत का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

डकैती के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल ने 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

  • Related Posts

    भारतीय जनता पार्टी ने जिला कार्यकारिणी का किया विस्तार, डूंगर को मिली अहम जिम्मेदारी….

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी ने नैनीताल जिले में कार्यकारिणी का विस्तार किया है। जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कार्यकारणी की घोषणा कर 60 कार्यकारी सदस्य घोषित किए हैं।…

    कौलटैक्स नहर में बह रहे युवक की पुलिस और फायर जवानों ने बचाई जान…… 

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार रात कौलटैक्स नहर में बह गए 35 वर्षीय युवक को पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए सकुशल रेस्क्यू…