रामनगर। एनएच-309 से सटी ग्राम ढिकुली की आबादी में बाघ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बाघ ने आबादी क्षेत्र में एक घोड़े का शिकार कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और घटनास्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी गई।
ग्रामीणों के मुताबिक आबादी के नजदीक दिनदहाड़े पालतू पशु के शिकार की यह तीसरी घटना है। लगातार बाघ के आबादी क्षेत्र में पहुंचने और पालतू पशुओं को निशाना बनाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि बाघ की गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में बाघ की निगरानी बढ़ाने के साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाघ की लगातार सक्रियता के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ पालतू पशुओं की सुरक्षा भी चुनौती बनती जा रही है।
रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के रेंजर कृष्णा मेहरा ने बताया कि ग्रामीणों को पालतू जानवरों को खुले में नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की भी अपील की गई है।






