बाइक से बांधकर गंगा में डुबोया शव, 10 दिन बाद खुला ब्लाइंड मर्डर का राज…..

Spread the News

कारोबारी रंजिश और मुखबिरी बनी हत्या की वजह, गांव के ही चार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में करीब 10 दिन से लापता चल रहे युवक अंकित चौहान की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबार और पारिवारिक रंजिश के चलते गांव के ही चार लोगों ने अंकित की हत्या कर उसके शव को बाइक से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था। एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गंगा से शव और बाइक बरामद कर ली है।

रास्ते में बाइक रोककर उतारा मौत के घाट

पुलिस के अनुसार, शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान दो-तीन अगस्त की रात बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक रोककर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को बाइक के साथ बांधा और शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से गंगा में डुबो दिया। अंकित का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिलने के बाद परिजनों ने लक्सर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मोबाइल टावरों से मिले तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए भी मृतक से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। जांच के दौरान अंकित की गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित उर्फ फौजी से रंजिश की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

सख्ती से पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दो अगस्त की रात अंकित की हत्या कर शव को उसकी बाइक के साथ बांधकर गंगा में फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को गंगा में उतारा, जिसके बाद गोताखोरों ने शव और बाइक बरामद कर ली।

खनन की मुखबिरी से बढ़ी थी रंजिश

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंकित लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की पुलिस से मुखबिरी करता था, जिसके चलते आरोपियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसी रंजिश में चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी।

एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, हत्या के आरोपियों में शामिल अंकित चौहान उर्फ फौजी पहले भी खानपुर क्षेत्र में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

  • Related Posts

    एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव संपन्न,आर्यन बेलवाल के सिर सजा अध्यक्ष का ताज… 

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल विजयी रहे। उन्हें 1723 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहुल साह को 1257 वोट पर संतोष…

    15वें राउंड में आर्यन बेलवाल की बढ़त कायम….

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की मतगणना में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने 15वें राउंड में बढ़त मजबूत कर ली है। आर्यन बेलवाल को 1419…