बेटे को पुलिस ने नहीं छोड़ा तो कोतवाली पहुंची मां, कुछ देर बाद मौत से मचा हड़कंप…..

Spread the News

मुखानी में महिला की संदिग्ध मौत से तनाव, पुलिस बोली—बेटे की हिरासत से मौत का कोई संबंध नहीं

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेटे को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से परेशान उसकी मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने महिला की मौत का उसके बेटे को हिरासत में लिए जाने की घटना से कोई संबंध होने से इनकार किया है।

बेटे की गिरफ्तारी की खबर पर कोतवाली पहुंची थी मां

वार्ड नंबर 52 दुर्गा कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय सविता देवी पत्नी राजीव सिंह के बेटे को मंगलवार रात करीब 9:30 बजे पुलिस किसी मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। परिजनों के मुताबिक, बुधवार दोपहर तक बेटे को नहीं छोड़ा गया तो सविता देवी अपने बेटे को छुड़ाने की गुहार लेकर मुखानी कोतवाली पहुंचीं। काफी देर तक सुनवाई नहीं होने पर वह वहां से लौट गईं। इसके कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना परिजनों को मिली।

सड़क किनारे उल्टियां करती मिली महिला

पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो घटना से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, महिला अपने घर से करीब 200 मीटर पहले सड़क किनारे बैठकर उल्टियां करती दिखाई दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूल बस के चालक ने महिला को उसके घर तक छोड़ा। घर पहुंचने के बाद परिजन उसकी बिगड़ती हालत देखकर उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, महिला ने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

कीमती सामान के विवाद में बेटे से पूछताछ की बात

सूत्रों के अनुसार, दो परिवारों के बीच कीमती सामान के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले में महिला के बेटे को पुलिस पूछताछ के लिए लेकर गई थी। महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी का विवाह हो चुका है। मां की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि महिला की मौत और उसके बेटे को पूछताछ के लिए ले जाने के बीच कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

  • Related Posts

    शहर की बदहाली पर कांग्रेस का वार, बंदर-कुत्तों से लेकर टूटी सड़कों तक उठाए सवाल…..

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। शहर में बंदरों और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक, सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश और क्षतिग्रस्त मार्गों की समस्या को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन…

    झारखंड सरकार के खिलाफ एबीवीपी का हल्लाबोल, पुतला फूंक जताया आक्रोश……

    Spread the News

    Spread the Newsहल्द्वानी। एमबीपीजी महाविद्यालय के मुख्य गेट पर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की हल्द्वानी इकाई ने झारखंड सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। छात्र…