रुद्रपुर। नगर में साइबर ठगों द्वारा तीन अलग-अलग मामलों में 6.84 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी धनाराम ने पुलिस को बताया कि तीन जून को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अडानी गैस कंपनी का अधिकारी बताकर उन्हें अपने जाल जाल में फंसा लिया। कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि उनके खाते से 1.65 लाख रुपये निकाल लिए गए। जब दोबारा उन्होंने उसे नंबर पर कॉल करना चाहा तो मोबाइल स्विच ऑफ आया।
दूसरे मामले में ट्रांजिट कैंप की कृष्णा कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि छह जुलाई को उनके भारतीय स्टेट बैंक खाते से पहले 2.45 लाख और फिर 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से भी दो बार 29,997 रुपये की निकासी की गई। इस तरह उनके साथ कुल 3,49,997 रुपये की ठगी हुई।
एक अन्य मामले में फुलसुंगा निवासी आराधना ने बताया कि 26 जून को एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने उन्हें झांसे में लेकर खाते से 1,69,168 रुपये निकाल लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने इनकार कर दिया।
पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।






