हल्द्वानी। बागेश्वर जिले के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की निर्मम हत्या के खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन नैनीताल द्वारा विरोध व्यक्त किया गया। तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्व० दयानंद टम्टा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सभा में संगठन से जुड़े अनेक शिक्षकों ने स्वर्गीय दयानंद टम्टा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनसे जुड़ी यादों व उनके संघर्षों को याद किया। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र टम्टा टम्टा ने बताया कि स्वर्गीय दयानंद टम्टा जी शिक्षा के प्रति समर्पित व छात्र-छात्राओं के बीच बहुत ही लोकप्रिय शिक्षक थे। उनकी हत्या अपूर्णीय क्षति है। प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय कुमार ने स्वर्गीय टम्टा जी के साथ एक शिक्षक के रूप में किए गए कार्यों को बताते हुए कहा कि वह एक आदर्श शिक्षक व मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे। उनके मृदु व्यवहार के कारण छात्र-छात्राओं के वह आदर्श थे।
जिला महामंत्री दीप दर्शन ने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी ने स्वर्गीय टम्टा जी के एक पारिवारिक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा परिवार को 2 करोड़ की आर्थिक मदद की मांग रखी है, जिसे पूरा किया जाना ही एक सच्चे व समर्पित शिक्षक को सच्ची श्रद्धांजलि होगी ।
सभा में सभी ने स्वर्गीय दयानंद टम्टा जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा में जिला उपाध्यक्ष श्री विजय कुमार कोषाध्यक्ष श्री गिरीश बेरी श्री इंद्र कुमार आर्य श्री लीलाधर टम्टा श्री किशोरी लाल श्री चंद्र प्रकाश जगदीश कुमार विमल श्री दुर्गा प्रसाद श्री विपिन बिहारी श्रीमती मंजू रानी श्रीमती सुमन टम्टा श्रीमती सरिता आर्या श्री हरीश चंद्र, प्रभारी प्रधानाचार्य पूरन विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र कुमार, सेवानिवृत प्रधानाचार्य श्री सुरेश चंद्र पाठक, श्री ईश्वरी प्रसाद टम्टा जी, जोगा गिरी गोस्वामी जी आदि अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।






