
हल्द्वानी। देर रात शहर में हुई मूसलाधार बारिश और आए तेज अंधड़ के दौरान एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से घर की छत की चारदीवारी क्षतिग्रस्त हो गई। चार दीवारी के गिरने से नीचे सड़क पर खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान हीरानगर स्थित संजय कॉलोनी में गोविंद सिंह बिष्ट के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली गिरने से मकान की छत की चार दिवारी टूटकर नीचे गली में खड़ी एक कार पर जा गिरी जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। इसके अतिरिक्त रात्रि में आए अंधड़ में शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण काश्तकारों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं बारिश के कारण कई इलाकों में हुए जलभराव के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।











