
लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन कार्यालय में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए 15 अप्रैल से दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने के आदेश जारी कर दिए गए। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से इस निर्णय पर मोहर लगा दी गई।
बोर्ड बैठक में दुग्ध संघों के लिए सेवा नियमावली का भी अनुमोदन किया गया, जिससे लगभग 20 वर्षों बाद दुग्ध संघों में नियुक्तियों का रास्ता खुल गया है। इस अवसर पर दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, सचिव डेरी विकास बीबीआरसी पुरुषोत्तम तथा निदेशक डेरी अशोक कुमार जोशी का आभार व्यक्त किया।
बोर्ड बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी मुकेश नेगी ने सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा से वार्ता कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ सरकार की योजनाओं को सही ढंग से लागू कर रहा है, जिसके लिए संस्था प्रशंसा का पात्र है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देवभूमि उत्तराखंड आगमन से पूर्व दुग्ध उत्पादकों को राहत देने के उद्देश्य से दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि का प्रस्ताव बैठक में रखा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश तथा दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में बोर्ड ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बढ़ी हुई दरों को 15 अप्रैल से लागू करने के आदेश जारी कर दिए।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों, दुग्ध संग्रहण व्यवस्था में सुधार, संघ की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने, कर्मचारियों से जुड़े विषयों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संघ के विकास कार्यों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
दूध के दाम में बढ़ोतरी के फैसले से हजारों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे दुग्ध उत्पादकों में इस निर्णय के बाद खुशी की लहर दौड़ गई है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ सदैव दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों से संघ की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और दुग्ध उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दीपा देवी, खष्टी देवी, दीपा रैकवाल, पुष्पा देवी, हेमा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, मुन्नी देवी, सुरेश चंद्र, कृपाल सिंह, प्रखर शाह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











