हरिद्वार। ग्राम टिकोला के रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का मंगलौर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक कपिल की हत्या उसके ही दोस्तों रितिक पंवार और दीपक पंवार ने की थी। पैसों के लेनदेन और मोबाइल से वीडियो बनाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने कपिल की हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
23 अगस्त को टिकोला रजवाहे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव की पहचान टिकोला निवासी कपिल पुत्र मेघपाल के रूप में की। मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर रितिक और उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 27 अगस्त को रितिक पंवार और दीपक पंवार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कपिल और दोनों आरोपी दोस्त थे और उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। पुलिस के अनुसार कपिल पर दोनों के करीब 15 हजार रुपये बकाया थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया, जहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान कपिल मोबाइल से दोनों की वीडियो बनाने लगा, जिसको लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर दोनों ने कपिल पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव रजवाहे में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह निवासी जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर और दीपक पंवार पुत्र सुरेश निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।






