
रामनगर। पीरुमदारा की एसके पुरम कॉलोनी में कुत्ते के पिल्लों को बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति कुत्ते को डंडे से पीट रहा है जिससे एक कुत्ते की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। मामले में एक महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति का चालान काट आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक सोमवार को एक व्यक्ति एसके पुरम कॉलोनी में आया। इस दौरान वहां खड़ी स्कूटी के पास कुत्ते के पिल्ले सो रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे आरोपी व्यक्ति ने पिल्लों को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पीपल ऑफ़ एनिमल एनजीओ को भी दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी व्यक्ति पूर्व सैनिक है। जिसे चौकी लाकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी का चालान काटने की कार्रवाई की है तथा चोटिल कुत्तों को इलाज के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।











